
कपूरथला/जर्मनी: जर्मनी में पंजाब के कपूरथला जिले के 30 वर्षीय युवक राजविंदर सिंह की हत्या का मामला सामने आया है। राजविंदर सिंह गांव रामगढ़ का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार, वह एक मंदिर में चल रहे विवाद को सुलझाने और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने गया था।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस मामले में हरियाणा के चार युवकों पर हमला करने का आरोप लगाया गया है। जर्मन पुलिस घटना के कारणों और विवाद की पूरी पृष्ठभूमि की जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
राजविंदर सिंह की मौत की खबर मिलते ही कपूरथला में उनके परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, जर्मनी और अन्य देशों में रह रहे पंजाबी समुदाय ने भी घटना पर गहरा दुख जताया है।
फिलहाल पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्य सामने आने की उम्मीद है।





