दिनदहाड़े दुकान के बाहर से वर्ना कार चोरी, 92 हजार रुपये नकद भी ले उड़ा शातिर
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ संदिग्ध, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज की

चंडीगढ़। ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में वाहन चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। दिनदहाड़े हुई कार चोरी की एक वारदात ने इलाके के व्यापारियों और वाहन मालिकों की चिंता बढ़ा दी है। शातिर चोर दुकान के बाहर खड़ी हुंडई वर्ना कार को कुछ ही मिनटों में चोरी कर फरार हो गया। कार में नकदी समेत अन्य सामान भी रखा हुआ था।
पीड़ित मंगत शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 8 जुलाई की शाम करीब पांच बजे उन्होंने अपनी हुंडई वर्ना कार को लॉक कर एम.एस. ट्रांसपोर्ट, लिंक रोड, ट्रांसपोर्ट नगर के बाहर खड़ा किया था। वह काम से दुकान के अंदर चले गए और करीब दो घंटे बाद लौटे तो कार मौके से गायब मिली।
पीड़ित के अनुसार कार के हैंडरेस्ट बॉक्स में 92 हजार रुपये नकद रखे थे। इसके अलावा डिग्गी में इंडेन कंपनी का एक खाली एलपीजी सिलेंडर भी मौजूद था। कार चोरी होने के साथ ही उसमें रखा पूरा सामान भी चोर अपने साथ ले गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध की पहचान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति कार चोरी करते हुए कैमरे में स्पष्ट दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान जसकरण सिंह के रूप में होने की बात सामने आई है।
आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है तथा आसपास के क्षेत्रों में भी जांच तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई कार और उसमें रखा सामान बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
ट्रांसपोर्ट नगर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने तथा चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की वारदातों को रोका जा सके।
read also :





