वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह

गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस पर जागृति यात्रा पहुंचेगी अयोध्या ,गुरुद्वारा नजरबाग व गुरु नानक पुरा में होगा भव्य स्वागत
परमजीत कौर / बालजी हिन्दी दैनिक
अयोध्या l नौवें सतगुरु श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में तख्त श्री हरमंदिर साहिब पटना साहिब से प्रारंभ हुई जागृति यात्रा (नगर कीर्तन) सोमवार, 6 अक्तूबर को अयोध्या पहुंचेगी। यह पवित्र यात्रा गोरखपुर से रवाना होकर बस्ती होते हुए शाम लगभग 4 से 5 बजे के बीच होटल ड्रीम लैंड अयोध्या पहुंचेगी। यहां गुरु की सेवा में समर्पित संगत द्वारा स्वागत व जलपान सेवा की जाएगी। तत्पश्चात यात्रा लता मंगेशकर चौराहा होते हुए गुरुद्वारा नजरबाग के सामने स्थित पेट्रोल पंप पर संगत के स्वागत सत्कार के बीच आगे बढ़ेगी। नगर कीर्तन रामपथ होते हुए साहबगंज, राम-जानकी मंदिर मार्ग से गुजरते हुए गुरुद्वारा गुरु नानक पुरा पहुंचेगा, जहां गुरु महाराज के पवित्र कीर्तन और अरदास से पूरा वातावरण भक्तिमय बन जाएगा। गुरुद्वारा गुरु नानक गोविंद धाम के मुख्य जत्थेदार बाबा महेंद्र सिंह जी ने समस्त गुरु प्यारी साध संगत से विनम्र निवेदन किया है कि इस ऐतिहासिक अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गुरु तेग बहादुर साहिब जी की महान शहादत को नमन करें और इस अनमोल आध्यात्मिक अवसर का लाभ उठाएं। बाबा महेंद्र सिंह ने कहा कि “यह यात्रा हमारे जीवन का सौभाग्य है। गुरु महाराज के दर्शन और सेवा से जीवन को नई दिशा और आशीर्वाद मिलता है। सभी संगत समय पर पहुंचकर गुरु घर की सेवा में भागीदारी निभाएं।” अयोध्या में इस ऐतिहासिक नगर कीर्तन के आगमन को लेकर सिख संगत सहित पूरे क्षेत्र में आस्था और उत्साह का माहौल है।





