घर घर जाकर पुनरीक्षण कार्यक्रम को गति दे बूथ लेबल अधिकारी – डी0एम0

बलराम मौर्य/ बालजी हिन्दी दैनिक
अयोध्या l जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर विधानसभा निर्वाचन नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत गणन प्रपत्रों का वितरण शुरू कर दिया गया। इस संबंध में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के देख-रेख में सभी बीएलओ/पर्यवेक्षकों /संबंधित कार्मिकों को प्रपत्रों के वितरण एवं घर-घर संपर्क अभियान को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण का उद्देश्य योग्य मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराना तथा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों को सुधारना है। अभियान के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर गणन प्रपत्र दो प्रतियों में उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने समस्त नागरिकों से अपील की कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु प्राप्त कर चुके युवक-युवतियाँ एवं पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएँ। कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता बनने से वंचित न रहे, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि गणन प्रपत्रों के वितरण, संकलन एवं सत्यापन में पूर्ण पारदर्शिता, सटीकता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। बीएलओ को यह भी निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्र में सूचना प्रचार, जागरूकता अभियान तथा स्थानीय स्तर पर जनसहभागिता को बढ़ावा दें।





