Uncategorizedउत्तराखण्डराज्य

बजरंग सेतु और हिलांस हिमालयन भोजनालय का मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

Kuldeep kumar

टिहरी गढ़वाल। मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने जनपद टिहरी गढ़वाल के तपोवन क्षेत्र में स्थित बजरंग सेतु का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता श्री ओम प्रकाश ने सेतु की इंजीनियरिंग संरचना, तकनीकी विशेषताओं तथा निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी मुख्य सचिव को दी। मुख्य सचिव ने परियोजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में आधारभूत संरचनाओं को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है और सभी निर्माण परियोजनाओं में गुणवत्ता, सुरक्षा तथा समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत मुख्य सचिव ने विकासखंड नरेंद्रनगर के अंतर्गत प्लास्डा स्थित हिलांस हिमालयन भोजनालय का भी निरीक्षण किया। भोजनालय की संचालक बीना पुंडीर ने मुख्य सचिव को भोजनालय की गतिविधियों, प्रतिदिन आने वाले ग्राहकों की संख्या तथा दैनिक बिक्री संबंधी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भोजनालय संचालित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार और आजीविका के अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं।

मुख्य सचिव ने भोजनालय परिसर के आसपास अधिकाधिक पौधरोपण किए जाने के निर्देश दिए और कहा कि हरित वातावरण पर्यटकों को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने भोजनालय में मेन्यू को स्पष्ट, आकर्षक और सुव्यवस्थित ढंग से प्रदर्शित करने के भी निर्देश दिए ताकि पर्यटकों एवं आगंतुकों को बेहतर सुविधा और जानकारी मिल सके।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन और स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के प्रयास अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक भोजन और ग्रामीण पर्यटन को प्रोत्साहित कर न केवल रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकते हैं, बल्कि राज्य की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को भी नई पहचान मिल सकती है। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे मॉडल को अन्य क्षेत्रों में भी प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन, स्वरोजगार और ग्रामीण विकास को एक साथ जोड़कर स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए स्थानीय स्तर पर संचालित सफल पहलों को आगे बढ़ाने और अधिक लोगों को इससे जोड़ने की आवश्यकता है।

निरीक्षण के दौरान सचिव लोक निर्माण विभाग डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी टिहरी श्रीमती नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे, नगर पंचायत तपोवन की अध्यक्ष विनीता बिष्ट, एसडीएम नरेंद्रनगर श्री आशीष घिल्डियाल, डीडीओ मोहम्मद असलम, ईओ तपोवन अंजलि, बीडीओ श्रुति वत्स सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button