दुर्घटना में घायल सदस्य का हालचाल जानने अस्पताल पहुंची एम्प्लाई नॉन एम्प्लाई सेल्फ केयर टीम
आर्थिक सहायता के लिए प्रदेश कोर टीम को भेजा गया आवेदन, स्वीकृति के बाद मिलेगा सहयोग


बलराम मौर्य/ बालजी हिन्दी दैनिक
अयोध्या। एम्प्लाई नॉन एम्प्लाई सेल्फ केयर टीम उत्तर प्रदेश के सदस्यों ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए दुर्घटना में घायल अपने साथी का भौतिक सत्यापन किया। जनपद अयोध्या में हुई इस घटना के बाद टीम के पदाधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल सदस्य का हालचाल जाना और हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।जिला संयोजक अयोध्या अभय प्रताप श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम के पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे। उनके साथ जिला संयोजक अंबेडकर नगर अमित कुमार श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। दोनों पदाधिकारियों ने टीम से जुड़े सदस्य अनुराग श्रीवास्तव से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा परिवार के लोगों से भी बातचीत की। इस दौरान टीम के पदाधिकारियों ने दुर्घटना की जानकारी लेते हुए घायल सदस्य के उपचार की स्थिति का भी जायजा लिया। साथ ही संगठन की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इसके लिए प्रदेश कोर टीम के पास औपचारिक आवेदन भेजा गया है, ताकि घायल सदस्य को जल्द से जल्द आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जा सके। जिला संयोजक अभय प्रताप श्रीवास्तव ने बताया कि संगठन अपने सभी सदस्यों के सुख-दुख में साथ खड़ा रहता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कोर टीम से स्वीकृति मिलते ही दुर्घटना में घायल सदस्य अनुराग श्रीवास्तव को संगठन की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, जिससे उनके उपचार में मदद मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि एम्प्लाई नॉन एम्प्लाई सेल्फ केयर टीम का उद्देश्य जरूरत के समय अपने सदस्यों को सहयोग और सहारा देना है, और टीम इसी भावना के साथ लगातार कार्य कर रही है।





