राज्यहरियाणा

हरियाणा सरकार की महिलाओं को बड़ी सौगात: लाडो लक्ष्मी योजना से जुड़ेंगी 13.50 लाख नई महिलाएं, 25 सितंबर से मिलेगा लाभ

चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए शुरू की गई दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ा दिया है। अब 1.80 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों की पात्र महिलाओं को भी हर महीने 2100 रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी।

इससे योजना के लाभार्थियों की संख्या बढ़कर करीब 23.50 लाख हो जाएगी। अभी तक एक लाख रुपये तक सालाना आय वाले परिवारों की करीब 10 लाख महिलाओं को योजना का लाभ मिल रहा था।

आय सीमा बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये वार्षिक करने के बाद इस आय वर्ग में कुल 17 लाख 13 हजार 447 महिलाएं पात्र दायरे में आती हैं। इनमें करीब साढ़े तीन लाख महिलाएं ऐसी हैं, जो पहले से किसी अन्य योजना का लाभ ले रही हैं।

ऐसे में करीब 13.50 लाख नई महिलाओं को 2100 रुपये मासिक सहायता मिलने का रास्ता साफ हुआ है। हर महिला को सालाना 25 हजार 200 रुपये मिलेंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महेंद्रगढ़ में योजना का दायरा बढ़ाते हुए आवेदन के लिए पोर्टल की शुरुआत की है। इस पर पात्र महिलाएं आवेदन कर सकती हैं। सरकार 25 सितंबर को पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर नए लाभार्थियों को योजना का लाभ देना शुरू कर सकती है। तब तक आवेदन और पात्रता सत्यापन की प्रक्रिया जारी रहेगी।

बजट में 6500 करोड़, लगातार बढ़ा सरकार का वित्तीय प्रविधान

लाडो लक्ष्मी योजना के लिए हरियाणा सरकार ने अपने 2026-27 के बजट में 6500 करोड़ रुपये का प्रविधान किया है। योजना शुरू करते समय पहले बजट में 5000 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया था। यानी एक साल में बजटीय प्रविधान में 1500 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है।

राज्य के 2026-27 बजट में सामाजिक कल्याण एवं पोषण क्षेत्र के लिए कुल 20,110 करोड़ रुपये रखे गए हैं, जिसमें लाडो लक्ष्मी योजना अकेले 6500 करोड़ रुपये की है।

अभी तक दस किस्तों में दिए जा चुके दो हजार करोड़

परिवार पहचान पत्र प्राधिकरण के स्टेट कार्डिनेटर डा. सतीश खोला के अनुसार 10 अगस्त 2026 तक लाडो लक्ष्मी योजना की 10 किस्तों में करीब 9.98 लाख महिलाओं को 2,042.31 करोड़ रुपये दिए जा चुके थे। उसी समय सरकार ने आय सीमा 1.80 लाख रुपये करने और चालू वित्त वर्ष में 6500 करोड़ रुपये के प्रविधान की जानकारी दी थी, जिसे अब मुख्यमंत्री ने धरातल पर लागू कर दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जो कहते हैं, उसे हर हाल में पूरा करते हैं।

दूसरे राज्यों में महिलाओं को कितनी आर्थिक मदद

राज्य – योजना – सहायता

हरियाणा – दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना – 2,100 रुपये मासिक
पंजाब – मुख्यमंत्री मावां-धियां सत्कार योजना – 1,000 रुपये मासिक और एससी महिलाओं के लिए 1,500 रुपये
हिमाचल प्रदेश – इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख-सम्मान निधि – 1,500 रुपये मासिक
कर्नाटक – गृह लक्ष्मी योजना – 2,000 रुपये मासिक
हिमाचल प्रदेश – मुख्यमंत्री शगुन योजना – 31,000 विवाह सहायता
हरियाणा – मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना – श्रेणी के अनुसार 31,000 से 71,000 रुपये मासिक तक

हरियाणा में एक लाख 80 हजार रुपये वार्षिक तक आय वाले परिवारों की महिलाएं

क्र. सं. जिला लाभार्थी

  • 1 अंबाला 62612
  • 2 भिवानी 66014
  • 3 चरखी-दादरी 24159
  • 4 फरीदाबाद 222562
  • 5 फतेहाबाद 46379
  • 6 गुरुग्राम 92017
  • 7 हांसी 27809
  • 8 हिसार 67177
  • 9 झज्जर 67513
  • 10 जींद 73152
  • 11 कैथल 66518
  • 12 करनाल 105717
  • 13 कुरुक्षेत्र 47982
  • 14 महेंद्रगढ़ 46709
  • 15 नूंह 69760
  • 16 पलवल 101652
  • 17 पंचकूला 37472
  • 18 पानीपत 109424
  • 19 रेवाड़ी 52685
  • 20 रोहतक 60254
  • 21 सिरसा 69397
  • 22 सोनीपत 118878
  • 23 यमुनानगर 77605

कुल – 17,13,447

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button