“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान से प्रदेशभर में हजारों लोगों को मिला लाभ

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम प्रदेश में लगातार नई सफलताएं दर्ज कर रहा है। इस पहल का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को सीधे आम नागरिकों तक पहुंचाना है। इसी क्रम में राज्यभर में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जहां लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है।
बुधवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 10 शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में 5,799 लोगों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों से जुड़ी अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया। बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सरकार की जनहितकारी नीतियों के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।
अब तक इस अभियान के तहत पूरे प्रदेश में 614 शिविरों का सफल आयोजन किया जा चुका है। इन शिविरों के माध्यम से 4,80,084 से अधिक लोग प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हुए हैं। यह आंकड़े बताते हैं कि राज्य सरकार प्रशासनिक सेवाओं को लोगों के द्वार तक पहुंचाने के अपने संकल्प को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका वास्तविक लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उनके अनुसार यह अभियान सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में एक सशक्त पहल है।
धामी सरकार की यह पहल प्रदेश में सरल, सुलभ और संवेदनशील प्रशासन की स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है। सरकार भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को और अधिक व्यापक स्तर पर संचालित करने के लिए प्रतिबद्ध है।





